हल्द्वानी/रामनगर:आगामी होली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा उपायुक्त, कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में जनपद नैनीताल की खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को रामनगर के हल्दुवा चौक पोस्ट पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के स्वार, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला आदि क्षेत्रों से आने वाले खाद्य आपूर्ति वाहनों की पुलिस व प्रशासन के सहयोग से जांच की गई।
अभियान के तहत लगभग तीन दर्जन से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया गया। इनमें दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्यान्न, नमकीन, बिस्कुट और बेकरी उत्पादों का परिवहन पाया गया। संदेह के आधार पर कुल सात नमूने जांच के लिए लिए गए, जिनमें दूध, पनीर, ब्रेड, नमकीन और रस्क बिस्कुट शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वार और मुरादाबाद क्षेत्र से आई एक वैन में खुले में अस्वच्छ परिस्थितियों में लाया जा रहा लगभग आधा कुंतल पनीर मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही तीन खाद्य कारोबारियों को अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
विभाग ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों और विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस खाद्य कारोबार करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों के क्रय बिलों पर एफएसएसएआई लाइसेंस संख्या अंकित होना अनिवार्य बताया गया है। बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत व लाइसेंसधारी कारोबारियों से ही खाद्य सामग्री खरीदने और दैनिक अभिलेख रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि और लाइसेंस विवरण अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार की मिलावट या निम्न गुणवत्ता की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती ह
अभियान में सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खां सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
