गैरसैंण: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आज से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा जाएगा।
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी योजनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करेंगे। इस अभिभाषण को सरकार के दृष्टिकोण और आगामी विकास योजनाओं की दिशा के रूप में देखा जाता है।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सदन में अपने विचार रखेंगी और सत्र की कार्यवाही को आगे बढ़ाएंगी। इसके बाद शाम 3 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
सरकार के इस बजट पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि बजट में आधारभूत ढांचे के विकास, रोजगार, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा सकता है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के विकास और युवाओं के लिए नई योजनाओं की घोषणा भी संभावित है।
गैरसैंण में आयोजित होने वाला यह बजट सत्र राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने की ओर बढ़ रही है। ऐसे में सरकार अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के जरिए जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड भी पेश करेगी।
वहीं बजट सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे विषयों पर सदन में चर्चा होने की उम्मीद है।
इसी दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रमण के दौरान रसोई गृह में पहुंचकर वहां तैयार हो रहे भोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने जिम में कुछ समय व्यायाम कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
