traffic light
हल्द्वानी: हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक बार फिर क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी मैदान में पहले भी ईवीसीएल नाम से क्रिकेट आयोजन का प्रचार-प्रसार किया गया था, जिसमें शहर भर में नेताओं के होर्डिंग लगाए गए थे। उस समय दर्शकों से टिकट तक बेचे गए थे, लेकिन बाद में टूर्नामेंट फर्जी निकलने के कारण मैच आयोजित ही नहीं हो पाया था, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली थी।
अब उसी स्टेडियम में टी-20 मैचों के आयोजन की तैयारी चल रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने मैच के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार यह डायवर्जन प्लान 11 मार्च से 14 मार्च 2026 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
तीनपानी से गोलापार रोड होते हुए काठगोदाम की ओर जाने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को गोलापुल कुँवरपुर कट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन कुँवरपुर तिराहा, खेड़ा चौराहा और महाकाली जनरल स्टोर तिराहा होते हुए काठगोदाम की ओर जाएंगे।
इसी तरह काठगोदाम क्षेत्र से गोलापार रोड होते हुए तीनपानी की ओर आने वाले भारी वाहन महाकाली जनरल स्टोर तिराहा से खेड़ा चौराहा और कुँवरपुर तिराहा के रास्ते गोलापुल कुँवरपुर कट होते हुए तीनपानी की ओर भेजे जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था
मैच के दौरान वीआईपी अतिथियों के वाहनों के लिए स्टेडियम के मुख्य द्वार के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजनकर्ताओं, पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, पत्रकारों और खिलाड़ियों को लाने-ले जाने वाली बसों के लिए स्टेडियम गेट नंबर-1 के अंदर दाहिनी ओर पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं मैच देखने आने वाले दर्शकों के वाहनों के लिए स्टेडियम गेट नंबर-2 के बाईं ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
