PHOTO- SOCIAL MEDIA
PHOTO- SOCIAL MEDIA
हल्द्वानी: एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार ऑटो से गिरकर ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रावतनगर बिंदुखत्ता निवासी पूनम विष्ट अपनी छोटी बेटी के साथ ऑटो से काठगोदाम की ओर जा रही थीं। बच्ची उनकी गोद में बैठी हुई थी। जैसे ही ऑटो रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा, अचानक झटका लगने से बच्ची गोद से उछलकर सड़क पर जा गिरी।
मां के चीखने पर ऑटो चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका। घबराई हुई मां दौड़कर बच्ची के पास पहुंची, लेकिन उसकी हालत देखकर वह खुद भी बेहोश हो गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
काठगोदाम थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और ऑटो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बच्चों के साथ यात्रा करते समय बरती जाने वाली सावधानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
