रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टांडा जंगल क्षेत्र में स्कूटी और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर (यूपी) निवासी 24 वर्षीय आकाश सिडकुल की अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे। तीनों शनिवार शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी गए थे।
शादी समारोह से लौटने के बाद जब वे रुद्रपुर पहुंच गए, तभी उनमें से एक का मोबाइल हल्द्वानी में छूट गया। मोबाइल लेने के लिए तीनों युवक देर रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
