उत्तराखंड : इन दिनों गर्मी ने तेजी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और दिनभर की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। देहरादून समेत कई शहरों में गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। खासकर मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं। इसके बाद गुरुवार से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
सोमवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही। दिन में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मैदानी इलाकों जैसे रुड़की, काशीपुर, रुद्रपुर, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। पंतनगर में सबसे ज्यादा 39 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, लेकिन दो दिन बाद हल्की बारिश और बादलों के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
