हल्द्वानी : मदरसन कंपनी में श्रमिक आंदोलन के बीच माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर अब पुलिस सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। नैनीताल पुलिस ने करीब 30 संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पिछले कुछ दिनों से कंपनी में श्रमिक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। श्रमिकों और प्रबंधन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन मंगलवार को प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस की मध्यस्थता के बाद यह विवाद सुलझ गया। कई दौर की वार्ता के बाद श्रमिकों ने अपना अनशन खत्म कर काम पर लौटने का फैसला किया।
बताया गया कि श्रमिकों की 14 मांगों में से 12 को प्रबंधन ने तुरंत मान लिया है, जबकि बाकी दो मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद फैक्ट्री में कामकाज सामान्य होने लगा है।
इसी बीच पुलिस ने खुलासा किया कि कुछ बाहरी तत्व श्रमिकों की आड़ में हिंसा भड़काने और औद्योगिक क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि इन लोगों ने तोड़फोड़, आगजनी और बड़े स्तर पर अशांति फैलाने की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, बैरियर तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मजदूरों को उकसाने के मामले में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही ऐसे अराजक तत्वों पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। श्रमिकों के हित सुरक्षित रहेंगे, लेकिन किसी को भी हिंसा फैलाने या कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
