खटीमा : चकरपुर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी इंटर कॉलेज में तैनात पीटीआई (Physical Training Instructor) पर स्कूल की छात्रा के साथ शारीरिक शोषण का आरोप लगा है। इस घटना की जानकारी जैसे ही क्षेत्र में फैली, माहौल पूरी तरह गरमा गया।
बताया जा रहा है कि चकरपुर स्थित सरकारी इंटर कॉलेज में कार्यरत पीटीआई सुखविंदर सिंह पर एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि शिक्षक ने पहले छात्रा को अपने झांसे में लिया और बाद में उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इस घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए।
स्कूल परिसर में लोगों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद किसी तरह हालात को काबू में किया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल पंचदेव सिंह के अनुसार, एक दिन पहले ही चकरपुर चौकी पुलिस का एक सिपाही कॉलेज पहुंचा था और आरोपी शिक्षक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वहीं, अगले दिन सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी स्कूल पहुंच गए, जिसके बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया। इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप कुशवाह को भी दी गई।
प्रिंसिपल ने बताया कि जब उन्होंने खुद आरोपी शिक्षक से इन आरोपों के बारे में पूछा, तो उसने छात्रा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की। इसके बाद तुरंत प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।
घटना के बाद प्रिंसिपल पंचदेव सिंह ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह स्कूल की गरिमा को बनाए रखने में असफल रहे हैं, जिसके लिए वह खुद को बेहद व्यथित महसूस कर रहे हैं।
वहीं, पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में स्थानीय विधायक ने भी हस्तक्षेप किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खंड शिक्षा अधिकारी ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी वजह से खंड शिक्षा अधिकारी को भी उनके पद से हटाकर जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
