देहरादून/रामनगर: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने वर्ष 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। नतीजों के साथ ही इस साल के टॉपर्स के नाम भी सामने आ गए हैं। इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधमसिंह नगर के मंजूराम अमर इंटर कॉलेज भूरारानी की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 98.00 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है।
इस वर्ष इंटरमीडिएट में कुल 1,02,986 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,00,452 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 85,499 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। कुल पास प्रतिशत 85.11 रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत अधिक है।
परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। बालिकाओं का पास प्रतिशत 88.09 रहा, जबकि बालकों का 81.93 प्रतिशत दर्ज किया गया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93 प्रतिशत रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 61.48 रहा।
प्रदेश की मेरिट सूची में दूसरे स्थान पर देहरादून के ऋषिकेश स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के आर्यन रहे, जिन्होंने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं हरिद्वार के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की वंशिका ने 97.00 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस बार 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 7,814 रही। प्रथम श्रेणी में 41,507, द्वितीय श्रेणी में 34,987 और तृतीय श्रेणी में 330 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो बागेश्वर जनपद 94.81 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके अलावा सुधार परीक्षा 2025 (द्वितीय) में 464 परीक्षार्थियों में से 279 सफल हुए और कुल परिणाम 66.27 प्रतिशत रहा।
बोर्ड ने यह भी बताया कि इस बार टॉप 25 प्रतिशत की संयुक्त मेरिट सूची में 105 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। परिणाम घोषित होने के बाद अब छात्र स्क्रूटनी और अन्य प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
