नैनीताल: सोमवार 27 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि धारी ब्लॉक क्षेत्र के पास एक मैक्स वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर से प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई हरिराम पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK04TA1446 हल्द्वानी से दूदूली (ब्लॉक धारी, थाना मुक्तेश्वर) की ओर जा रहा था। इस वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन दूदूली के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान लता देवी (40 वर्ष), पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी ग्राम दूदूली और हरीश चंद्र बेलवाल, पुत्र भैरव दत्त बेलवाल, निवासी ग्राम दूदूली के रूप में हुई है। दोनों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इस हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में दिनेश चंद्र (48 वर्ष), कमल शर्मा (23 वर्ष) जो वाहन चालक है, नेहा बेलवाल (17 वर्ष) और सुभाष बेलवाल (13 वर्ष) शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
