नैनीताल : बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को इस प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई प्रस्तावित है, जिसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रशासन की ओर से पूर्व में दिए गए निर्देशों के आधार पर विस्तृत आख्या तैयार कर ली गई है, जिसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस सुनवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
इससे पहले फरवरी में हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अतिक्रमण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के पुनर्वास को लेकर अहम निर्देश दिए थे। अदालत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों के आवेदन भरवाने के लिए 19 मार्च से विशेष कैंप आयोजित करने को कहा था। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की देखरेख में लगे इन कैंपों में कुल 6988 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके आधार पर अब आगे की कार्रवाई तय की जानी है।
सुनवाई को देखते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इलाके में सीओ, थानाध्यक्ष, चौकी इंचार्ज के साथ-साथ पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीमों की तैनाती की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि माहौल को शांत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार सुबह से ही क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
