नैनीताल : भीमताल क्षेत्र में सामने आए एक चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ MD को गिरफ्तार कर लिया है। इस ऑपरेशन को भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ थाना मल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं से संपर्क करता था और खुद की पहचान छिपाकर उनसे करीबी बढ़ाता था। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रेकिंग और म्यूजिक से जुड़े कामों के जरिए पहले भरोसा बनाता, फिर धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में ले लेता था। आरोप है कि एक पीड़िता से उसने वर्ष 2020 के बाद करीब 17 लाख रुपये कैमरा, लेंस और मोबाइल जैसे सामान पर खर्च कराए।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने शादी का झांसा देकर अपनी असली पहचान छिपाई और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की कोशिश की। इस मामले में अन्य महिलाओं की ओर से भी इसी तरह के आरोप सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही और आखिरकार उसे नैनीताल क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर यह कार्रवाई एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र की निगरानी में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस तरह के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
