लालकुआँ : क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़, धमकी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता ने 29 अप्रैल 2026 को कोतवाली लालकुआँ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के जरिए उससे संपर्क किया गया, जिसमें लड़की की फोटो लगी हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसकी निजी जानकारी हासिल की और फिर मोबाइल नंबर लेकर उससे लगातार संपर्क में रहने लगा।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन छेड़छाड़ की और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर ली। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट और उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने सर्विलांस और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश देने के बाद 1 मई 2026 को आरोपी को लालकुआँ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इब्राहिम (27 वर्ष), निवासी ग्राम सरकरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
