हल्द्वानी: तेज हवाओं का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ नजर आया। हल्द्वानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। कमलुवागांजा उपकेंद्र के अधिकारियों के मुताबिक मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से सप्लाई ठप हुई थी, जिसे हटाकर बहाल करने की कोशिश की गई, लेकिन अन्य जगहों पर भी फॉल्ट आने से दिक्कत बनी रही। गौलापार क्षेत्र समेत कई इलाकों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रही।
..
…
बिजली कटौती का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा। नलकूप बंद रहने और घरों की मोटरें नहीं चल पाने से लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। इस तरह लोगों को एक साथ बिजली और पानी दोनों की समस्या का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय हुई तेज बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। सड़कों और गलियों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। हालांकि, बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली।
..
…
मौसम विभाग ने सोमवार को भी पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अल्मोड़ा में भी तड़के शुरू हुई मूसलाधार बारिश का असर जनजीवन पर पड़ा। लगातार हो रही बारिश और बिजली बाधित होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और कई क्षेत्रों में परेशानी का सामना करना पड़ा।
