traffic light
नैनीताल: जिले में वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रभावी रहेगी।
कैंची धाम जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले जरूरी सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने सामान्य मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है या वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बाहरी राज्यों और जिलों से निजी वाहनों से आने वाले पर्यटक, जो भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से यात्रियों को शटल सेवा के जरिए मंदिर तक भेजा जाएगा।
वहीं, नैनीताल-गेठिया मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और आगे शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीकेंड के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर यात्रियों को शटल सेवा से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने सभी पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेकर ही निकलें और निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
