हल्द्वानी: हल्दूचौड़ क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां 10 वर्षीय बच्ची पायल की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्ची को खाना खाने के बाद पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उसकी हालत तेजी से खराब होने लगी।
जानकारी के मुताबिक पायल के पिता रामपाल स्थानीय स्तर पर खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना के समय वह अपनी पत्नी के साथ गांव गए हुए थे, जबकि पायल अपने मालिक के घर पर ही थी। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर मालिक उसे तुरंत हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. पंकज वर्मा के अनुसार, जब बच्ची को अस्पताल लाया गया तब तक उसकी धड़कनें बंद हो चुकी थीं।
सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
