रुद्रपुर: मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में देर रात हुई चोरी की बड़ी वारदात ने व्यापारियों और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। बदमाशों ने एक ही रात में चार शोरूमों को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि चोर पड़ोस की एक दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे और फिर एक-एक कर चारों शोरूमों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद गल्लों में रखी नकदी निकालकर फरार हो गए। व्यापारियों के अनुसार एक शोरूम से करीब 5 लाख रुपये, दूसरे से ढाई लाख रुपये और बाकी दुकानों से भी हजारों की नकदी चोरी हुई है।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे और अंदर सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर जुट गए और देखते ही देखते बाजार में भीड़ लग गई।
व्यापारियों ने इस घटना को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतने व्यस्त इलाके में एक साथ चार दुकानों में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की कमी को दिखाता है।
घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में तीन युवक चेहरे ढके हुए नजर आ रहे हैं, जो आराम से नकदी निकालकर बैग में भरते दिखते हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीओ दौलत राम वर्मा के अनुसार पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। आसपास के कैमरों की भी जांच की जा रही है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।:
