हल्द्वानी : हल्द्वानी में इलाज के दौरान एक 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जिसने करीब 20 दिन पहले खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली थी। मामला रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। किशोरी को गंभीर हालत में पहले रामपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। बर्न वार्ड में लंबे समय तक उपचार के बाद शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी का पिछले डेढ़ साल से एक 36 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंध था, जो बरेली के शीशगढ़ का रहने वाला है और कॉलोनी में किराने की दुकान चलाता है। आरोप है कि युवक शादी का भरोसा देकर किशोरी को लंबे समय तक अपने साथ इधर-उधर ले जाता रहा।
.
.
बताया गया कि 25 अप्रैल को वह किशोरी को रुद्रपुर लेकर गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके अगले ही दिन युवक ने शादी से इनकार कर दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों ने बताया कि 26 अप्रैल की रात जब घर के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, तब किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान युवक से फोन पर बातचीत के बाद उसने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
..
डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए 27 अप्रैल को उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया, जहां लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गई।
मामले में सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि किशोरी की मौत गंभीर रूप से जलने के कारण हुई है। दुष्कर्म की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
