देहरादून:
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 20 मई के लिए जारी पूर्वानुमान में देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में गर्म हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलने के फिलहाल आसार कम हैं।
राजधानी देहरादून में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
सिर्फ मैदानी क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि पहाड़ी इलाकों में भी अब गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। मई के शुरुआती दिनों में जहां पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब वहां भी तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
हरिद्वार और आसपास के इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसी स्थिति के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
