उत्तराखंड: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बीसी खंडूड़ी का अंतिम संस्कार आज 20 मई को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है।
इससे पहले सुबह 10:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय देहरादून में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कराए जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे देहरादून भाजपा मुख्यालय से अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंतिम यात्रा में शामिल होंगे और खड़खड़ी घाट पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री को अंतिम विदाई देंगे।
..
..
91 वर्षीय बीसी खंडूड़ी का 19 मई की सुबह मैक्स अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर फैल गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। राज्य के विभिन्न दलों के नेताओं और अधिकारियों ने भी उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। राजकीय शोक के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और किसी भी प्रकार के सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
इसी क्रम में आज 20 मई को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज भी बंद रखे गए हैं।
