नैनीताल: भवाली क्षेत्र के सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में खटीमा के एक ही परिवार के चार सदस्य और वाहन चालक की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल, बेटे वासु चुफाल और बेटी रवी चुफाल के रूप में हुई है। हादसे में वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
