नैनीताल : लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव जैसे हालात को देखते हुए शिक्षा विभाग उत्तराखंड और जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जनपद के मैदानी क्षेत्रों में संचालित स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 22 मई 2026 से नई समयसारिणी लागू की जाएगी।
.
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे आयोजित होगी, जबकि कक्षाओं का संचालन सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा।
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह बदलाव केवल मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में लागू होगा। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालय पहले की तरह निर्धारित समय पर ही संचालित किए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला गया है ताकि छात्र-छात्राओं को भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे से बचाया जा सके।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं और गर्मी के दौरान उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
