पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ जनसुनवाई की.
पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ जनसुनवाई की.
नैनीताल/हल्द्वानी: हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ जनसुनवाई की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में लोगों ने पेयजल संकट, बिजली कटौती, खराब सड़कें और सिंचाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
.
मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों को जल्द ठीक करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त बनाने के आदेश भी दिए।
बिजली व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग को अनावश्यक कटौती बंद करने और तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और अफसरों को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम में रामसिंह कैड़ा, सरिता आर्या, ललित मोहन रयाल, डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
