लालकुआं :
मामले का खुलासा डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने किया। पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को बिंदुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी कर लिए गए हैं। चोरी हुए सामान में हार, नथ, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती आभूषण शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2025 में भी इसी तरह की दो अन्य चोरी की घटनाएं क्षेत्र में हो चुकी थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम बनाई। टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।
23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने की फिराक में एक युवक बिंदुखत्ता क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि कुछ जेवर उसने हीटर की निचली प्लेट के अंदर छिपाकर रखे थे। पूछताछ में आरोपी ने लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र के बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में पैदल घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करता था जहां लोग बाहर गए हों। मौका मिलते ही वह ताला तोड़कर घर में घुसता और नकदी व जेवर लेकर फरार हो जाता था।
बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बरेली जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
