भीमताल: पर्यटन नगरी भीमताल में पार्किंग कर्मियों द्वारा पार्किंग नियमों को ताक पर रखकर पर्यटकों, बाहरी गाड़ियों, टैक्सी गाड़ियों से प्रवेश शुल्क, ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ लेकर अवैध वसूली की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने इस मामले में उप-जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
श्री बृजवासी ने बताया कि भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर पार्किंग कर्मी बीच सड़क पर ही वाहनों को रोककर नौकुचियाताल, पांडे गांव, जंगलिया गांव जाने वाले पर्यटकों से जबरन शुल्क वसूल रहे हैं। जबकि नियमानुसार पार्किंग शुल्क तभी लिया जा सकता है जब वाहन पार्किंग स्थल के अंदर खड़ा हो। सड़क पर पर्ची काटने से न केवल पर्यटकों का शोषण हो रहा है, बल्कि पर्यटन यातायात मार्ग पर जाम की स्थिति अधिकतर बन रही है, जिससे भीमताल की छवि खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी, कोतवाली भीमताल को भी अवगत कराया गया था, किन्तु आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई, जिससे पार्किंग कर्मियों के हौसले बुलंद हैं और वो दुगनी रफ्तार से पीडब्ल्यूडी की सड़क पर यातायात प्रभावित कर रहे, जाम लगा रहे हैं, सड़क किनारे पैदल फुटपाथ पर गाड़ियां पार्क कराकर अतिक्रमण कर रहे हैं, पार्किंग की आड़ में अवैध वसूली कर रहे हैं l
प्रमुख मांगें:
1. सड़क पर पर्ची काटने वाले पार्किंग कर्मियों के अवैध कार्यो पर तत्काल अंकुश लगाने के उद्देश्य से अर्थ दण्ड- जुर्माना लगाया जाए एवं प्रवेश शुल्क, ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ को अवैध घोषित किया जाए।
2. पार्किंग स्थल पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाया जाए कि ‘सड़क पर खड़े होकर पर्ची काटना दंडनीय अपराध है, नौकुचियाताल को जाने वाली गाड़ियों का शुल्क लेना मना है, केवल इस पार्किंग में सुविधा लेने पर ही शुल्क मान्य है’।
3. वसूली में पारदर्शिता हेतु पार्किंग स्थल पर 2 सीसीटीवी कैमरे तत्काल लगवाए जाएं।
4. केवल पार्किंग के अंदर रहकर पार्किंग कर्मियों द्वारा पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की ही पर्ची काटना सुनिश्चित किया जाए।
