लालकुआं में 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत
लालकुआं: नगर की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर वार्ड नंबर-1 निवासी मोहिन खान की पत्नी अंजुम का शव शनिवार सुबह घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
परिजनों के मुताबिक अंजुम का विवाह पिछले वर्ष मई माह में हुआ था। शादी को अभी एक वर्ष पूरा ही होने वाला था कि यह दुखद घटना सामने आ गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका का मायका हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मायके वालों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
