हादसे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह की मौत
हादसे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह की मौत
पिथौरागढ़/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में आयोजित राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा से वापस लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार कांचुला पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार नाचनी क्षेत्र से तीनों लोग राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने अल्मोड़ा पहुंचे थे। लेकिन खराब मौसम के कारण कार्यक्रम रद्द होने की घोषणा के बाद वे वापस अपने घर के लिए रवाना हो गए। दोपहर करीब 2 बजे अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई।
हादसे में गणेश कुमार (32) और भूपेंद्र प्रसाद (25) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए अल्मोड़ा रेफर किया गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय निवासी गंगा सिंह और उनके साथियों ने नदी में उतरकर घायलों और मृतक को सड़क तक पहुंचाने में मदद की। बाद में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई की।
