तेज रफ्तार बस ने दो किशोरों को रौंदा
तेज रफ्तार बस ने दो किशोरों को रौंदा
हरिद्वार: जिले के लक्सर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर पतंजलि से कर्मचारियों को छोड़ने जा रही एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल (14 वर्ष) पुत्र समय सिंह निवासी पचेवाली, सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उसके साथ स्कूटी पर सवार आयुष उर्फ वंश (12 वर्ष) पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था और कथित तौर पर नशे की हालत में भी हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक किशोर के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल का उपचार जारी है।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
