PHOTO- SOCIAL MEDIA
PHOTO- SOCIAL MEDIA
अल्मोड़ा: सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान एक युवक पर अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
शुक्रवार सुबह आबिद अली ने मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रानीखेत में कराया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
