एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
12 जून को भी मौसम का यही स्वरूप बने रहने का अनुमान है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखने, सड़क बाधित होने पर तत्काल मार्ग खोलने, स्वास्थ्य और राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही सीमित करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले स्थानों पर खड़े न हों और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
