मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। झड़ीपानी-कोलूखेत शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। खाई अत्यंत दुर्गम और झाड़ियों से घिरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही बचाव दलों को मौके पर भेजा गया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार सवार कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदकर लौटे थे। इसके बाद कार सड़क की तीखी ढलान पर अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और नियंत्रण खोते हुए सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS 4610) के रूप में हुई है। कार में चार लोग सवार थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी गाजियाबाद और संगीता (46 वर्ष) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल शवों को खाई से निकालने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
