नैनीताल : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुर्गा सप्लाई की आड़ में चरस की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहाड़ी इलाकों से चरस की खेप लाकर तराई क्षेत्रों में सप्लाई करने का काम करते थे। खुटानी बैंड के पास चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक अल्टो कार और बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर हुसैन निवासी भीमताल और विजय सिंह बिष्ट निवासी मुक्तेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया है। फरार आरोपी बच्चीराम की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
