Oplus_16908288
नैनीताल: नैनीताल की नैनीझील से मंगलवार सुबह एक और युवक का शव मिलने के बाद पूरे शहर में चर्चा का माहौल है। मृतक की पहचान मल्लीताल निवासी 31 वर्षीय प्रकाश आर्य के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय होटल में कर्मचारी था। वह बीते तीन दिनों से लापता बताया जा रहा था। लगातार एक हफ्ते के अंदर नैनीझील से तीसरा शव मिलने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश आर्य कुछ दिन पहले रात के समय अपने एक मित्र से मिलने की बात कहकर होटल से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर पहले होटल प्रबंधन ने उसकी तलाश की। अगले दिन भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों को सूचना दी गई। खोजबीन के दौरान पाषाण देवी मंदिर के पास झील किनारे उसका बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनीझील में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। बाद में परिजनों ने शव की पहचान प्रकाश आर्य के रूप में की।
घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
