उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड में 30 जून को मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की संभावना भी जताई है।
मानसून के प्रवेश के साथ ही मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि इस वर्ष मानसून ने 30 जून को उत्तराखंड में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि जून महीने में प्रदेश में 83 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 132 मिलीमीटर होना चाहिए था। इससे साफ है कि जून में सामान्य से काफी कम वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।
इसके अलावा राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
2 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
