नैनीताल में 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू.
हल्द्वानी/नैनीताल: नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लागू कर दिया है। अब जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी किया, जिसके बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियम का पालन शुरू करा दिया गया है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इसकी निगरानी भी कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं। पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।
इसके अलावा नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों का उद्देश्य पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले से नियमों की जानकारी देना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जांच में अधिकांश मामलों में हेलमेट का इस्तेमाल न करना प्रमुख कारण पाया गया। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
