गुलदार का खौफ
नैनीताल/ज्योलीकोट: नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात तेंदुआ एक गोशाला में घुस गया और वहां बंधी 14 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने और नियमित गश्त की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गेठिया सैनिटोरियम निवासी प्रकाश चंद्र की गोशाला में देर रात तेंदुआ घुस आया। उस समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग गोशाला पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
गोशाला में 11 बकरियां मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि तीन बकरियों को तेंदुआ उठाकर जंगल की ओर ले गया। इस हमले से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए की लगातार बढ़ती आवाजाही के कारण लोगों में डर का माहौल है और शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा दिलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
