प्रतीकात्मक तस्वीर.
किच्छा: ऊधम सिंह नगर के किच्छा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर के वरिष्ठ व्यापारी और चावल मिल मालिक सतीश कुमार खुराना का शव उनके घर से कुछ दूरी पर एक नाले में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 51 वर्षीय सतीश कुमार खुराना, पुत्र स्वर्गीय भगवान दास, बरेली रोड स्थित एलआईसी कार्यालय के सामने रहते थे। वह रोज की तरह सुबह करीब 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
चिंतित परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
दोपहर करीब एक बजे उनके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक चावल मिल के पास नाले में किसी व्यक्ति का हाथ दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से व्यक्ति को बाहर निकाला। पहचान करने पर शव सतीश कुमार खुराना का निकला।
उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी के निधन की खबर फैलते ही पंजाबी महासभा के जिलाध्यक्ष पंकज बांगा, दलजीत खुराना, लक्ष्मण दास बांगा, राजेंद्र सेतिया, केवल हुड़िया और त्रिलोक खुराना समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
