देहरादून/नैनीताल: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं एहतियात के तौर पर बागेश्वर और चंपावत में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक तीव्र बारिश की आशंका जताई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन सतर्क
लगातार हो रही बारिश के कारण देहरादून की रिस्पना नदी और पिथौरागढ़ की काली नदी उफान पर बह रही हैं। इसके अलावा मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 जुलाई तक प्रदेशभर में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है, जिससे भूस्खलन और जलभराव जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा।
नैनीताल और देहरादून में लगातार बारिश
नैनीताल जिले में लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी रही। हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिली। वहीं राजधानी देहरादून में भी सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और केवल आवश्यक होने पर ही सफर करने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
