हल्द्वानी: बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और कुछ ही देर बाद बाइक में आग लग गई।
पुलिस के अनुसार, लालकुआं वार्ड-4 निवासी 26 वर्षीय सिद्धार्थ सिंह अपने साथी अयान खान के साथ बाइक से मोतीनगर से गोरापड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर की दिशा में कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान सिद्धार्थ सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से दूर जा गिरे। इसके बाद बाइक में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग बुझाने के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि दुर्घटना मंडी चौकी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने ट्रक चालक को पूछताछ के लिए चौकी में बैठाया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
वहीं सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
