मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना का शुभारंभ भी किया.
भीमताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के नए अकादमिक ब्लॉक और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्राफिक एरा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार के माध्यम से उत्तराखंड को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वह केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संस्थान का नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा और उनकी प्रतिभा को नई उड़ान देगा। उन्होंने यह भी कहा कि भीमताल में ग्राफिक एरा परिसर की स्थापना पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो संतुलित और समावेशी विकास का उदाहरण भी है।
उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए लगातार काम कर रही है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे संस्थानों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की संस्कृति को भी मजबूत किया जा रहा है।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने युवाओं से केवल डिग्री तक सीमित न रहने, बल्कि नेतृत्व क्षमता, नवाचार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी सोच के तहत स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा किसी भी नकल माफिया की भेंट न चढ़े, इसके लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया। उन्होंने बताया कि पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में रोजगार मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि वही सफलता की सबसे बड़ी सीख होती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के अंतर्गत निशुल्क प्रोफेशनल कोर्स का शुभारंभ भी किया। साथ ही संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों और ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजना के तहत निशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। धामी सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र सिंह ढेला, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर, ओबीसी आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, प्रकाश आर्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, संस्थान के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



