नैनीताल: भीमताल क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भीमताल से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा पत्थरों से लदा डंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे में कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, हादसा भीमताल क्षेत्र में देर रात हुआ। डंपर भीमताल से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। आपदा नियंत्रण कक्ष नैनीताल को भीमताल के पास डंपर के खाई में गिरने की सूचना मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया
एसडीआरएफ कर्मियों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक सूरज सिंह बिष्ट पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी कसियालेक, मुक्तेश्वर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को एम्बुलेंस से उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया। चालक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि डंपर अनियंत्रित होने के बाद सड़क से नीचे खाई में जा गिरा
