होटल की खिड़की से 20 फीट नीचे गिरा 3 वर्षीय मासूम
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल घूमने आए मध्यप्रदेश के एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब होटल में खेलते समय उनका तीन वर्षीय बेटा खिड़की से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मासूम को पहले नैनीताल, फिर हल्द्वानी और बाद में दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय बेटा गौरांत कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान कुछ पल के लिए परिजनों का ध्यान हटते ही बच्चा होटल की खिड़की के पास पहुंच गया और करीब 20 फीट नीचे जा गिरा।
हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत बच्चे को लेकर बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
हल्द्वानी में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे तत्काल दिल्ली भेजा गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार शुरू हुआ।
इलाज के दौरान डॉक्टरों की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं और मासूम गौरांत ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। नैनीताल घूमने की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और होटल में मौजूद अन्य पर्यटक भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध रह गए।
