नैनीताल: जनपद में अपराधियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के आदेश पर चार कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए नैनीताल जिले की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं समीक्षा के बाद तीन लोगों के खिलाफ चल रही गुंडा एक्ट की कार्रवाई समाप्त कर दी गई।
जिला बदर किए गए लोगों में रोहित पांडे (रामनगर), देव सिंह जाटव (मल्लीताल), गौरव मेहंदी रत्ता (हल्द्वानी) और हिमांशु पंत उर्फ ‘पटाखा’ (हल्द्वानी) शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार इन सभी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि इनकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला बदर की कार्रवाई की गई है।
वहीं चंदन टाकुली, विश्वनाथ और जीवन कनवाल के खिलाफ चल रही गुंडा एक्ट की कार्रवाई समीक्षा के बाद समाप्त कर दी गई।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के प्रति प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
