एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। खासकर पर्वतीय जिलों में हो रही लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि नदी-नाले और बरसाती गदेरे उफान पर बह रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो रहे हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भूस्खलन से बाधित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोला जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और उफनती नदियों, नालों व गदेरों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
