हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में कूद गई। देखते ही देखते दोनों तेज बहाव में लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता (30) और दो बच्चों के साथ बाइक से बहादराबाद थाना क्षेत्र के रायपुर दरेड़ा गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। उनके साथ चार वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी भी थी। बेटी सविता की गोद में थी, जबकि बेटा बाइक पर बैठा था।
बताया गया कि जब परिवार दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास पहुंचा तो किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और गोद में मौजूद अपनी एक वर्षीय बेटी को लेकर अचानक गंग नहर में छलांग लगा दी। इससे पहले कि पति या आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नहर में महिला और बच्ची की तलाश लगातार जारी है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। महिला का चार वर्षीय बेटा सुरक्षित है, जबकि पति का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को लेकर गंग नहर में कूद गई थी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
