लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका पीछा कर रहे एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पथरी थाना क्षेत्र के डांडी चौक के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, पथरी थाने में तैनात कांस्टेबल सुशील और चेतन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भाग निकला। शक होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
भागने के दौरान डांडी चौक के पास आरोपी बाइक सवार की सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी बीच पीछे से पहुंच रहे कांस्टेबल सुशील की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त होकर दोनों वाहनों से टकरा गई।
हादसे में मनोज कुमार निवासी फेरूपुर (हरिद्वार) और अजय निवासी खेड़ी (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल कांस्टेबल सुशील को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार उनके पैर में फ्रैक्चर है और शरीर पर भी कई चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। जून माह में भी लक्सर-सुल्तानपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
