देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करीब 17 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत राशि से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सिंचाई, सीवर लाइन, जोशीमठ भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों, आपदा प्रभावित परिवारों, मंदिर सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र में 15 वर्ष से अधिक पुराने नलकूप पंपों को ऊर्जा दक्ष पंपों से बदलने की योजना के लिए 3.01 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस योजना के तहत पुराने पंपों की जगह नए ऊर्जा बचत वाले पंप लगाए जाएंगे, जिससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने के साथ बिजली की खपत भी कम होगी।
देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ (वाणी विहार) में सीवर लाइन निर्माण के लिए 3.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में वर्ष 2023 के भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्रों में ढलानों को सुरक्षित बनाने और आवश्यक भूमि अधिग्रहण के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि का उपयोग लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित स्लोप स्टेबलाइजेशन कार्यों को आगे बढ़ाने में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक एवं दैवीय आपदाओं से प्रभावित देहरादून जिले की सदर तहसील के ग्राम मझाड़ा और कालीगाड़ के 14 परिवारों को किराये के मकान उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 3.36 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी है। प्रत्येक परिवार को 4,000 रुपये प्रतिमाह की दर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इन योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित विभाग जल्द कार्य शुरू करेंगे, ताकि विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचाया जा सके।
