एआई इमेज
नैनीताल। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 20 जुलाई तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने 18 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई (बुधवार) को नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
16 जुलाई (गुरुवार) को भी नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार में हल्की बारिश की संभावना है।
17 जुलाई (शुक्रवार) को नैनीताल, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
18 जुलाई (शनिवार) को भी नैनीताल, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में बादलों की गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जुलाई को भी पूरे उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

