नैनीताल: हरेला महोत्सव में शामिल होने नैनीताल पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मंत्री का कहना है कि भाजपा प्रदेश की 70 में से 57 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि नैनीताल जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भी भाजपा ही जीत हासिल करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वह लगातार विभिन्न जिलों और नगर निकायों का दौरा कर रहे हैं और लोगों को सरकार की 150 से अधिक योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मंत्री ने देहरादून में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत होने के बावजूद आयोजन जारी रखा गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि यदि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती तो कार्यक्रम को स्थगित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कांग्रेस के एक नेता द्वारा महिलाओं पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान भाजपा की कार्य संस्कृति का हिस्सा है।
नैनीताल नगर पालिका बोर्ड बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी और कुछ सभासदों के बीच हुए विवाद पर मंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए पीसीएस स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि यदि नगर पालिका ने बोर्ड की स्वीकृति के बिना टोल टैक्स का टेंडर जारी किया है तो उसे निरस्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहरी दोपहिया वाहनों पर लगाया गया 100 रुपये प्रवेश शुल्क सरकार पहले ही वापस ले चुकी है क्योंकि सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करती है।
नैनीताल में कूड़ा निस्तारण की समस्या पर उन्होंने कहा कि शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही नगर पालिका को जल्द दो नई कूड़ा संग्रहण गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सके।
हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली हैं। घाटों के सौंदर्यीकरण, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी कुंभ मेला पूरी तरह व्यवस्थित और ऐतिहासिक होगा।
