नैनीताल: लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार दोपहर भवाली-नैनीताल मार्ग पर पाइंस क्षेत्र में अचानक पहाड़ी दरक गई। देखते ही देखते भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि उस समय कोई वाहन बोल्डरों की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय मार्ग पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही हो रही थी। बारिश के दौरान अचानक पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। मलबा गिरते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर फैले मलबे और बोल्डरों को हटाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइंस क्षेत्र की यह पहाड़ी लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई है। करीब चार वर्ष पहले भी यहां पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया था, जिससे लंबे समय तक सड़क प्रभावित रही थी। बाद में सड़क को तो बहाल कर दिया गया, लेकिन ऊपर की ओर झुका चट्टानी हिस्सा आज भी जोखिम बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यहां से अक्सर पत्थर और बोल्डर सड़क पर गिरते रहते हैं। ऐसे में बरसात के मौसम में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस संवेदनशील स्थान पर स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
